Connect with us
Uttarakhand dehradun mansi news today

Home / उत्तराखण्ड / देहरादून: छात्रा मानसी ग‌ई तो थी स्कूल, लेकिन आ गई दुखद खबर

उत्तराखण्ड देहरादून

देहरादून: छात्रा मानसी ग‌ई तो थी स्कूल, लेकिन आ गई दुखद खबर

1 min read

 

हंसते खेलते रोज की तरह स्कूल जाती मानसी को क्या पता था कि आज का दिन उसके लिए जिन्दगी का आखिरी दिन बन जाएगा.. क्या‌ मालूम था घर वालों को कि बिटिया अब स्कूल से लौटकर अब कभी घर नहीं आएगी… जी हां… हम बात कर रहे हैं राज्य की राजधानी देहरादून में सड़क हादसे का शिकार हुई मानसी की। अपने परिवार में तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी एवं सबकी लाडली मानसी अपने पहले स्कूल में ‘गोल्डन गर्ल’ के नाम से मशहूर थी। खुशमिजाज चेहरे की मालकिन और हमेशा ‌हसमुख रहने वाली मानसी कल स्कूल के लिए और दिनों की अपेक्षाकृत अधिक सज-संवरकर निकली थी। आमतौर पर दो चोटियों के साथ कम नजर आने वाली मानसी की दो चोटियां कल उनके फूल से खिले हुए चेहरे पर चार चांद लगा रही थी। यहां तक कि कल मानसी की सुंदरता को देखकर पास-पड़ोस में रहने वाली महिलाओं ने उसकी सुंदरता की तारीफ भी की थी। पर किसे मालूम था कि यह उनकी फूल सी गुड़िया का अंतिम दीदार होगा, और आज यह फूल हमेशा के लिए मुरझा जाएगा। मासूम बच्ची का क्षत-विक्षत खून से सना हुआ शव देखकर माता-पिता के आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। जिसने भी मानसी की ऐसी हालत देखी उसकी आंखें ही नम हो गई।

विदित हो कि घर से चाचा के साथ स्कूल के लिए निकली कक्षा 11 की छात्रा मानसी जैसे ही अपने स्कूल के सामने उतरी तो सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने उसे बुरी तरह रौंद दिया जिससे मानसी ने दुर्घटनास्थल पर ही दम तोड दिया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने इस चक्कर में काफी हंगामा भी किया जिन्हें मौका-ए-वारदात पर पहुंची पुलिस ने लाठियां भांजकर खदेड़ दिया। बता दें कि मानसी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी खासी रुचि रखती थी, यह बात खुद मानसी के प्रधानाचार्य ने कही। मानसी की तारीफों के पुल बांधते हुए उनका कहना था कि मानसी पढ़ाई में बहुत होनहार थी, हाईस्कूल की परीक्षाओं में उसने प्रत्येक विषय में 85 से अधिक अंक प्राप्त किए थे। पढ़ाई में होनहार होने के साथ-साथ वह एक अच्छी एथलीट भी थी। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्कूल की हर प्रतियोगिता में उसका प्रथम स्थान आता था। बताते चलें कि मानसी ने कक्षा 10 तक की शिक्षा भूढपुर स्थित ज्ञान आइंस्टीन स्कूल से प्राप्त की थी जहां वह ‘गोल्डन गर्ल’ के नाम से मशहूर थी। लेकिन शायद नियति को उसका नया स्कूल न्यू एरा एकेडमी बिल्कुल भी रास नहीं आया जिसमें उसने हाल ही में दाखिला लिया था।

Continue Reading

More in उत्तराखण्ड

To Top