राज्य के नैनीताल जिले से एक दुखद खबर सामने आ रही है जहां आईआरबी बैलपड़ाव में कार्यरत हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस को मृतक जवान का शव बैरक में फंदे पर लटका मिला है। मृतक जवान की पहचान कैदी सिंह राणा के रूप में हुई हैं। बताया गया है कि वह मूल रूप से राज्य के उधमसिंह नगर जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुखद खबर से जहां मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों की आंखों से अश्रुओं की धारा थमने का नाम नहीं ले रही हैं वहीं पूरे क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से राज्य के उधमसिंह नगर जिले के नानकमता के असली मिक्ल निवासी कैदी सिंह राणा, बीते एक वर्ष से आईआरबी में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे। बताया गया है कि बीते रोज उनका शव बैरक में फंदे पर लटका मिला। जिस पर उनके साथियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस विभाग की टीम ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक जवान अपने पीछे दो लड़कियों, एक लड़के और पत्नी को रोते बिलखते छोड़ गए हैं। अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है, फिर भी प्रथमदृष्टया पुलिस द्वारा इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है हालांकि घटनास्थल से पुलिस को कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस विभाग की टीम घटना की तहकीकात में जुट गई है।
सुनील चंद्र खर्कवाल पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे राजनीति और खेल जगत से जुड़ी रिपोर्टिंग के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति व परंपराओं पर लेखन करते हैं। उनकी लेखनी में क्षेत्रीय सरोकारों की गूंज और समसामयिक मुद्दों की गहराई देखने को मिलती है, जो पाठकों को विषय से जोड़ती है।