LEOPARD IN UTTARAKHAND उत्तराखण्ड
उत्तराखंड: खूखांर तेंदुए ने हमला कर महिला को किया घायल, महिला ने अस्पताल में तोड़ा दम
1 min read
घटना के वक्त मायके में अपने खेतों पर काम कर रही थी मृतक महिला, तभी आदमखोर तेंदुए (Leopard) ने कर दिया महिला पर हमला..
राज्य में मानव-वन्य जीव संघर्ष लगातार बढ़ता ही जा रहा है। आए दिन राज्य के किसी ना किसी हिस्से से जंगली जानवरों द्वारा ग्रामीणों पर हमले की खबरें सामने आती रहती है जिनमें कई बार ग्रामीणों को अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ता है। आज फिर राज्य के ऊधमसिंह नगर जिले से एक ऐसी ही खबर आ रही है जहां मायके आई महिला पर एक आदमखोर तेंदुए (Leopard) ने अचानक हमला कर दिया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड दिया। बताया गया है कि घटना के वक्त महिला खेत में काम कर रही थी। महिला की मौत की खबर से जहां परिजनों में कोहराम मचा हुआ है वहीं पूरे क्षेत्र में दहशत के साथ ही शोक छाया हुआ है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखण्ड: पहाड़ में दर्दनाक हादसा, तेंदुए से बचने के प्रयास में खाई में गिरी महिला, मौके पर ही मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से राज्य के चम्पावत जिले के बनबसा के गुदमी गढ़ीगोठ निवासी धनी चंद की पत्नी दीक्षा देवी बीते दिनों ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता के नगला गांव स्थित अपने मायके गई हुई थी। बताया गया है कि बीते 20 मार्च को जब वह मायके में अपने खेतों में काम कर रही थी, इसी दौरान वहां पहले से घात लगाकर छिपे एक आदमखोर तेंदुए ने दीक्षा पर एकाएक हमला कर दिया। खेत में काम कर रहे अन्य लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ दीक्षा को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। तेंदुए द्वारा अचानक किए गए इस हमले में दीक्षा गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में परिजनों ने अन्य ग्रामीणों की मदद से तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया। जहां बीते सोमवार 29 मार्च की देर शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दीक्षा की मौत की खबर से उसके मायके और ससुराल दोनों जगह कोहराम मच गया।
