UTTARAKHAND NEWS देहरादून
Ankita Bhandari case uttarakhand bandh: उत्तराखण्ड बंद आज कई जगह खुली दुकानें
1 min read
Ankita Bhandari case uttarakhand bandh: market closed or open today: सीबीआई जांच की संस्तुति के बावजूद आज उत्तराखंड बंद, व्यापारियों और संगठनों के बीच दो राय
Ankita Bhandari case uttarakhand bandh: market closed or open today: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सीबीआई जांच की संस्तुति किए जाने के बाद भी आज 11 जनवरी को प्रस्तावित उत्तराखंड बंद को सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने यथावत रखने का ऐलान किया है। वहीं दूसरी ओर, दून उद्योग व्यापार मंडल ने इस बंद से खुद को अलग रखते हुए अपनी दुकानें और प्रतिष्ठान सामान्य रूप से खुले रखने का निर्णय लिया है। कुमाऊं के विभिन्न जिलों से भी व्यापार मंडल द्वारा बंद को समर्थन ना देने के इसी तरह के समाचार सामने आए हैं।
आपको बता दें कि शनिवार को दून उद्योग व्यापार मंडल की बैठक के बाद व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री द्वारा पीड़ित पक्ष की मांग स्वीकार कर सीबीआई जांच की संस्तुति किए जाने के बाद बंद का कोई औचित्य नहीं रह जाता। व्यापार मंडल का कहना है कि मामले में विधिक प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और दोषियों को आजीवन कारावास की सजा भी सुनाई जा चुकी है। ऐसे में बंद का आह्वान राजनीतिक प्रेरणा से किया गया कदम है, जिसका सीधा असर व्यापार और रोज़गार पर पड़ता है।
बैठक के बाद दून उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपिन नागलिया ने कहा कि किसी भी संगठन ने बंद को लेकर न तो व्यापार मंडल से संवाद किया और न ही समर्थन मांगा। उनका आरोप है कि तानाशाही तरीके से बंद की घोषणा कर व्यापारियों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि यदि किसी व्यापारी की दुकान या प्रतिष्ठान को जबरन बंद कराया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए देहरादून के एसएसपी से संपर्क कर व्यापारियों की सुरक्षा की मांग भी की जाएगी। व्यापार मंडल ने दो टूक कहा कि व्यापारी वर्ग किसी भी प्रकार के बंद का समर्थन नहीं करता। सीबीआई जांच की संस्तुति के बाद आंदोलन को जारी रखने का तर्क कमजोर पड़ता है, इसलिए देहरादून में सभी दुकानें और बाजार सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।
हालांकि प्रदेश भर में तस्वीर एक जैसी नहीं है। कुमाऊं मंडल के कई जिलों से भी उद्योग व्यापार मंडलों द्वारा बंद को समर्थन न देने की खबरें सामने आई हैं। वहीं, गढ़वाल मंडल के चमोली, पौड़ी समेत कुछ जिलों में व्यापार संगठनों ने बंद का समर्थन करते हुए बाजार बंद रखने की बात कही है। इधर, देहरादून के कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक में शनिवार को हुई राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की संयुक्त बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड बंद अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही रहेगा। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच से जुड़े मोहित डिमरी ने बताया कि जब तक अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में सीबीआई से नहीं कराई जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
संघर्ष मंच की कमला पंत ने कहा कि यह बंद जनता की भावना पर छोड़ा गया है। उन्होंने आम लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से अंकिता के सम्मान और न्याय के लिए आगे आने की अपील की। मंच की ओर से व्यापार संगठनों से भी आग्रह किया गया कि वे नैतिक समर्थन के तौर पर अपने प्रतिष्ठान बंद रखें। आपको बता दें कि इस बंद को कांग्रेस, यूकेडी सहित कई राजनीतिक दलों का समर्थन प्राप्त है। ऐसे में आज प्रदेश में बंद को लेकर अलग-अलग इलाकों में मिली-जुली स्थिति देखने को मिल सकती है, जहां कहीं बाजार खुले रहेंगे तो कहीं आंदोलनकारी सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग करते नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand ration card KYC: उत्तराखण्ड 15 जनवरी तक हर हाल में कराए राशन कार्ड EKYC
उत्तराखंड की सभी ताजा खबरों के लिए देवभूमि दर्शन के WHATSAPP GROUP से जुडिए।
👉👉TWITTER पर जुडिए।
