UTTARAKHAND NEWS हरिद्वार
Haridwar firing news today: हरिद्वार सरकारी जमीन की जांच के दौरान फायरिंग, 2 गंभीर
1 min read
haridwar firing news today: zila panchayat vice president brother sachin chauhan injured uttarakhand: जिला पंचायत उपाध्यक्ष के भाई समेत 2 हायर सेंटर रेफर, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
haridwar firing news today: zila panchayat vice president brother sachin chauhan injured uttarakhand: इस वक्त की सबसे बड़ी सनसनीखेज खबर उत्तराखण्ड के हरिद्वार जिले से सामने आ रही है जहां कनखल थाना क्षेत्र के पंजनहेड़ी गांव में बुधवार सुबह उस वक्त हालात बेकाबू हो गए, जब सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों की जांच करने पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने ही फायरिंग हो गई। बताया गया है कि जमीन विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई सचिन चौहान सहित दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
अभी तक मिल रही जानकारी के अनुसार, बुधवार को प्रशासनिक अमला गांव में सरकारी भूमि से जुड़े मामलों का सत्यापन कर रहा था। इसी दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद की शुरुआत कहासुनी से हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। तनाव बढ़ने के बीच अचानक गोली चल गई। फायरिंग में प्रॉपर्टी डीलर सचिन चौहान के पेट में गोली लगी, जबकि एक अन्य ग्रामीण किशनपाल (कृष्णपाल) भी चपेट में आ गया।
गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए स्थिति पूरी तरह अराजक हो गई। प्रशासनिक टीम और पुलिस ने किसी तरह हालात को संभाला। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस के साथ एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाने शुरू किए और घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ की।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि पंजनहेड़ी गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें फायरिंग की घटना सामने आई है। दो लोगों के गोली लगने की पुष्टि हुई है और दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई, गोली किसने चलाई और विवाद की जड़ क्या रही—इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। गांव में फिलहाल तनाव का माहौल है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Nainital news today: नैनीताल नयना देवी मंदिर से जूते पहनकर बाहर निकले गैर हिंदू VIDEO VIRAL
उत्तराखंड की सभी ताजा खबरों के लिए देवभूमि दर्शन के WHATSAPP GROUP से जुडिए।
👉👉TWITTER पर जुडिए।
