UTTARAKHAND NEWS हरिद्वार
Haridwar firing news today: हरिद्वार में फिर फायरिंग, महिला को लगी गोली, हायर सेंटर रेफर
1 min read
haridwar firing news today: women alka injured badly in narsan uttarakhand breaking: नारसन के खेड़ा जट गांव में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग में महिला घायल
haridwar firing news today: women alka injured badly in narsan uttarakhand breaking: उत्तराखण्ड में अपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती ही जा रही है। बीते एक हफ्ते के अंदर सामने आई गोलीबारी, हत्याकांड की घटनाएं इसका जीता-जागता उदाहरण है। उत्तराखण्ड में फायरिंग की ऐसी ही एक और बेहद सनसनीखेज खबर आज फिर राज्य के हरिद्वार जिले से सामने आ रही है जहां नारसन क्षेत्र के खेड़ा जट गांव में मंगलवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो परिवार आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर फायरिंग होने लगी। इस दौरान एक महिला गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
अभी तक मिल रही जानकारी के अनुसार, खेड़ा जट गांव निवासी उधम सिंह के परिवार और एक अन्य पक्ष के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चला आ रहा है। यह रंजिश पहले भी हिंसक टकराव का कारण बन चुकी है। बीते वर्ष दोनों पक्षों के बीच हुई फायरिंग की घटना इतनी गंभीर थी कि मौके पर पहुंची पुलिस को भी हालात संभालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी थी। मंगलवार को एक बार फिर तनावपूर्ण हालात बन गए। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से दोनों पक्षों के बीच कहासुनी चल रही थी, जो देर रात खुले संघर्ष में बदल गई और दोनों ओर से गोलियां चलने लगी ।
अचानक हुई फायरिंग के दौरान उधम सिंह की पत्नी अलका को गोली लग गई। वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारसन ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि हालात बिगड़ने न पाएं। इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद पुराना है और हाल के दिनों में दोनों पक्षों के बीच लगातार तनातनी बनी हुई थी, जो अंततः हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Laksar haridwar firing today: लक्सर में फिर फायरिंग, छात्र को लगी गोली, हालत नाज़ुक
उत्तराखंड की सभी ताजा खबरों के लिए देवभूमि दर्शन के WHATSAPP GROUP से जुडिए।
👉👉TWITTER पर जुडिए।
