उत्तराखण्ड पिथौरागढ़
उत्तराखण्ड : कुजौली गांव की प्रियंका बनीं आरबीआई में मैनेजर, क्षेत्र में खुशी की लहर
1 min read

आज ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं है जहां देवभूमि के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का जलवा ना दिखाया हों। बात अगर राज्य की बेटियों की करें तो देवभूमि उत्तराखंड की बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं है। आज हम आपको राज्य की एक और ऐसी ही बेटी से रूबरू करा रहे हैं जिसने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) में चयनित होकर पूरे राज्य को गौरवान्वित होने का सुनहरा अवसर प्रदान किया है। जी हां.. हम बात कर रहे हैं राज्य के पिथौरागढ़ जिले की रहने वाली प्रियंका उप्रेती की, जिनका चयन हाल ही में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआइ) में प्रबंधक पद पर हुआ है। उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि से उनके घर सहित पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल है। जहां प्रियंका के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है वहीं क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रियंका की इस उपलब्धि ने सीमांत जनपद सहित सम्पूर्ण उत्तराखण्ड का मान बढ़ाया है। प्रियंका ने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता एवं गुरुजनों के साथ-साथ ईष्टमित्रों को दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य के पिथौरागढ़ जिले के कॉलेज रोड स्थित कुजौली निवासी प्रियंका उप्रेती रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआइ) में प्रबंधक पद पर चयनित हुई है। बचपन से ही मेधावी छात्राओं में गिनी जाने वाली प्रियंका ने अपनी प्राथमिक शिक्षा स्थानीय नारायण स्वामी विद्या मंदिर से ग्रहण की। तत्पश्चात उन्होंने हाईस्कूल तक की शिक्षा सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज एवं इंटरमीडिएट की शिक्षा गंगोत्री गर्ब्याल राबाइंका से प्राप्त की। बता दें कि इंटर की शिक्षा प्राप्त करने के उपरांत प्रियंका ने जीबी पंत विश्वविद्यालय पंतनगर से बीएससी तथा पूसा दिल्ली से एमएससी किया। अपनी मेहनत के बलबूते सभी परीक्षाएं अच्छे अंको से उप्तीर्ण करने वाली प्रियंका ने इसके बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी। यहां भी उनके कठिन परिश्रम रंग लाया और उनका चयन आरबीआइ मुंबई में मैनेजर पद पर हो गया। बताते चलें कि एक सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवार से ताल्लुक रखने वाली प्रियंका के दादा शिवदत्त उप्रेती सेना से सुबेदार पद पर सेवानिवृत्त हैं। प्रियंका के पिता भुवन चंद्र उप्रेती आइटीआइ में इंस्ट्रक्टर (अनुदेशक) के पद पर कार्यरत है जबकि उनकी मां मंजू देवी एक कुशल गृहणी हैं।
