UTTARAKHAND NEWS टिहरी गढ़वाल
Uttarakhand: टिहरी में बारिश का कहर, मोटर मार्ग की सुरक्षा दीवार टूटी; विद्यालय भवन पर खतरा
1 min read
|Tehri Rain News | Uttarakhand Heavy Rain | Landslide Update | Road Block | NH-7 | Gangotri Highway|टिहरी में बारिश बनी आफत, हाईवे से लेकर ग्रामीण सड़कें बंद; कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित
|Tehri Rain News | Uttarakhand Heavy Rain | Landslide Update | Road Block | NH-7 | Gangotri Highway| उत्तराखंड के टिहरी जिले में बुधवार रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार वर्षा के कारण जिले में कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे बदरीनाथ और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई राज्य और ग्रामीण सड़कें बाधित हो गईं। सड़कें बंद होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश भी घोषित किया।
यह भी पढ़ें : उत्तराखंड: भारी बारिश के चलते प्रवक्ता भर्ती परीक्षा तिथि बढ़ाने की मांग, आयोग को भेजा ज्ञापन
सुरक्षा दीवार टूटने से बंद हुआ मरोड़-बनचोरा-बढ़ेथी मोटर मार्ग(Road Damage | Nainbagh News)
लगातार बारिश के कारण नैनबाग क्षेत्र में मरोड़-बनचोरा-बढ़ेथी मोटर मार्ग पर बड़ा नुकसान हुआ है। मरोड़ और खैराड़ बैड के बीच सड़क की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने से यह मार्ग पूरी तरह वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया। प्रशासन ने फिलहाल फफरोग-खैराड़ मोटर मार्ग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में खोला है, लेकिन यह सड़क कच्ची, जर्जर और डेंजर जोन से होकर गुजरती है, जिससे वाहन चालकों को काफी जोखिम उठाना पड़ रहा है। जौनपुर प्रधान संगठन के अध्यक्ष प्रदीप कवि ने इस मार्ग के शीघ्र डामरीकरण की मांग करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
प्राथमिक विद्यालय मंदार की सुरक्षा दीवार ढही, भवन पर मंडराया खतरा (School Building Damage | Tehri News)
भारी बारिश का असर शिक्षा व्यवस्था पर भी पड़ा है। विकासखंड जाखणीधार स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मंदार की सुरक्षा दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे विद्यालय भवन की सुरक्षा पर भी खतरा मंडराने लगा है। यदि आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो भवन को गंभीर नुकसान पहुंचने या उसके धराशायी होने की आशंका बनी हुई है। विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है तथा प्रशासन से तत्काल सुरक्षा कार्य कराने की मांग की है।
24 घंटे में 90.43 मिमी औसत बारिश दर्ज (Tehri Rainfall Update | IMD Rain Report)
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में टिहरी जिले में औसतन 90.43 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक 105 मिमी बारिश नरेंद्रनगर और कीर्तिनगर क्षेत्रों में दर्ज की गई। इसके अलावा धनोल्टी में 100 मिमी, देवप्रयाग में 98.6 मिमी, टिहरी मुख्यालय में 94 मिमी और घनसाली में 40 मिमी वर्षा हुई।
भूस्खलन से कई सड़कें बंद, हाईवे पर भी लगा ब्रेक (Landslide | Road Closure Update)
लगातार बारिश के कारण ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-7) तीनधारा के पास भारी बोल्डर और मलबा आने से मार्ग बाधित हो गया था। हालांकि विभाग की त्वरित कार्रवाई के बाद गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे इसे यातायात के लिए खोल दिया गया। वहीं बीआरओ के अधीन ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-34) नगुण बैरियर के पास बुधवार रात भारी मलबा और बोल्डर आने से बंद हो गया था। करीब 15 घंटे की मशक्कत के बाद गुरुवार शाम लगभग चार बजे इस मार्ग को सिंगल लेन के लिए खोला जा सका।
यह भी पढ़ें : Uttarakhand: टिहरी के घनसाली में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, आरोपी जसीम गिरफ्तार
23 सड़कें प्रभावित, राहत कार्य जारी (Road Restoration | PWD Update)
लोक निर्माण विभाग के अनुसार गुरुवार को जिले में 9 राज्य मार्ग, 3 जिला मार्ग और 11 ग्रामीण मोटर मार्ग, यानी कुल 23 सड़कें भूस्खलन के कारण बाधित हुईं। विभाग ने राहत कार्य चलाकर 18 मार्गों पर यातायात बहाल कर दिया, जबकि देर शाम तक एक राज्य मार्ग, एक जिला मार्ग और तीन ग्रामीण सड़कें बंद रहीं। इन्हें खोलने के लिए विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं।
प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील (Weather Advisory | Uttarakhand News)
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें तथा यात्रा पर निकलने से पहले सड़क और मौसम की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें। संबंधित विभाग प्रभावित मार्गों को जल्द से जल्द सुचारु करने में जुटे हुए हैं।
