उत्तराखण्ड ऊधमसिंह नगर
उत्तराखंड : बाइक सवार नवविवाहित पति-पत्नी को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर पत्नी की मौत
1 min read
Kichha Bike Accident: अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपति को मारी जबरदस्त टक्कर सोनम ने अस्पताल ले जाने से पहले तोड़ दिया दम
राज्य में दर्दनाक सड़क हादसों का तांडव जारी है। आए दिन राज्य के किसी ना किसी हिस्से से सुनाई देने वाली दर्दनाक सड़क दुघर्टना की दुखद खबर आज उधमसिंह नगर जिले से सामने आ रही है जहां रुद्रपुर से बहेड़ी दवा लेने जा रहे दंपती की बाइक के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से बाइक सवार नवविवहिता की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि यह हादसा उस समय घटित हुआ जब पुलभट्टा के पास पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि भीषण टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।(Kichha Bike Accident)
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के मीरगंज तहसील क्षेत्र के बिहारीपुर गांव निवासी धर्मेंद्र, वर्तमान में रुद्रपुर के विवेकनगर ट्रांजिट कैंप में रहता है। यहां वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। बताया गया है कि 6 माह पूर्व ही उसका विवाह बरेली निवासी सोनम के साथ हुआ था। उनकी शादीशुदा जिंदगी काफी अच्छी चल रही थी। तभी बीते रोज बाइक से दवा लेने के लिए बहेड़ी जाते समय दोनों पति-पत्नी सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस दर्दनाक हादसे में सोनम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका पति धर्मेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दुखद हादसे से दंपति के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
