उत्तराखण्ड नैनीताल
भीमताल में भीषण सड़क हादसा गहरी खाई में गिरा वाहन मां बेटे समेत पांच लोगों की मौत
1 min read
Bhimtal Road Accident: नैनीताल जिले में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा गहरी खाई में गिरा वाहन 5 लोगों की मौत ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू अभियान
उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगभग रोजाना ही कुमाऊं मंडल और गढ़वाल मंडल में सड़क हादसे अपनी दस्तक दे रहे हैं। अभी फिर एक सड़क हादसे की खबर नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र से सामने आ रही है जहां ओखलकांडा ब्लॉक के डालकन्या ग्राम सभा के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस दर्दनाक सड़क हादसे में मां बेटे समेत पांच लोगों की मौत हो गई और एक घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। यह हादसा बीते शाम करीब 8:00 बजे घटित हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों को गाड़ी के खाई में गिरने की आवाज आई तो उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर अपने ही स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।(Bhimtal Road Accident)
रात होने की वजह से स्थानीय ग्रामीणों को रेस्क्यू करने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के 2 घंटे बाद भी कोई प्रशासनिक या राजस्व अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। हादसे में मृतकों की पहचान ग्राममटेला पोस्ट पातलोट निवासी हेमा देवी पत्नी महेश मटियाली उम्र 32 वर्ष, राहुल मटियाली पुत्र महेश मटियाली उम्र नौ वर्ष और नंदन पुत्र महेश मटियाली उम्र चार वर्ष के रूप में हुई है। वहीं दो व्यक्तियों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इधर घटना में गंभीर रूप से घायल चालक को राजस्व विभाग के निरीक्षक हेमंत वर्मा ने एंबुलेंस के द्वारा हल्द्वानी को भेज दिया।
