UTTARAKHAND GULDAR नैनीताल
Bhimtal guldar attack today: भीमताल में गुलदार ने महिला को बनाया निवाला जंगल में मिला शव
1 min read
bhimtal guldar attack today: ganga devi killed by leopard tiger body found forest nainital uttarakhand: भीमताल के जून स्टेट जंगल में वन्यजीव का कहर, 60 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत से दहशत
bhimtal guldar attack today: ganga devi killed by leopard tiger body found forest nainital uttarakhand: उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों में आदमखोर जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मानव वन्य जीव संघर्ष की ऐसी ही एक दुखद खबर आज राज्य के नैनीताल जिले से सामने आ रही है जहां भीमताल ब्लॉक में वन्यजीवों का बढ़ता खतरा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ और फिर एक महिला आदमखोर जंगली जानवरों का निवाला बन गई। भीमताल नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर छह, जून स्टेट क्षेत्र से मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई 60 वर्षीय गंगा देवी पत्नी राजेंद्र प्रसाद की वन्यजीव के हमले में मौत हो गई। काफी खोजबीन के बाद मंगलवार सुबह महिला का क्षत-विक्षत शव जंगल की खाई में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अभी तक मिल रही जानकारी के मुताबिक बीते सोमवार सुबह करीब 10 बजे गंगा देवी रोज़ की तरह जंगल की ओर निकली थीं। दोपहर ढलने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटीं, तो परिजन चिंतित हो उठे। शाम करीब चार बजे महिला के लापता होने की सूचना वन विभाग को दी गई। इसके बाद वन विभाग की टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ जून स्टेट के जंगल में तलाश शुरू हुई, लेकिन रात तक कोई सुराग नहीं मिल सका।
मंगलवार सुबह जंगल में खोजबीन के दौरान घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर खाई में महिला का शव बरामद हुआ। शरीर पर मिले गहरे घावों से वन्यजीव के हमले की पुष्टि हुई है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि हमलावर बाघ या गुलदार हो सकता है, क्योंकि बीते कुछ समय से इस क्षेत्र में बाघ, गुलदार और तेंदुए की लगातार आवाजाही देखी जा रही है।
इस संबंध में पूर्व चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह इलाका पहले से ही संवेदनशील है और यहां वन्यजीवों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता और क्षेत्र में ठोस सुरक्षा उपायों की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने भी वन विभाग के उच्च अधिकारियों से बात कर गश्त बढ़ाने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी और कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे, ताकि हमलावर वन्यजीव की पहचान कर उसे काबू में किया जा सके। साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। लगातार हो रही वन्यजीव हमले की घटनाओं से भीमताल के इस पहाड़ी क्षेत्र में भय का माहौल है। हाल के महीनों में सामने आई जानलेवा घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि जंगल से सटे रिहायशी इलाकों में सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए बिना ऐसी घटनाएं थमने वाली नहीं हैं।
यह भी पढ़ें- Dhari Nainital guldar attack: नैनीताल धारी में आदमखोर गुलदार ने महिला को बनाया निवाला
उत्तराखंड की सभी ताजा खबरों के लिए देवभूमि दर्शन के WHATSAPP GROUP से जुडिए।
👉👉TWITTER पर जुडिए।
