UTTARAKHAND NEWS पिथौरागढ़
Uttarakhand Smart Meter : पिथौरागढ़ में स्मार्ट मीटर नहीं लगवाया तो काटा बिजली कनेक्शन
1 min read
Uttarakhand Smart Meter News: In Pithoragarh UPCL Cuts Power Connections Over Smart Meter Refusal: पिथौरागढ़ में स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार पर UPCL का बड़ा एक्शन, व्यापारियों के बिजली कनेक्शन काटे
Uttarakhand Smart Meter News: In Pithoragarh UPCL Cuts Power Connections Over Smart Meter Refusal उत्तराखंड में UPCL द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर सख्ती तेज कर दी गई है। इसी क्रम में पिथौरागढ़ के पुराना बाजार क्षेत्र में शनिवार को स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने वाले करीब एक दर्जन व्यापारियों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। इस कार्रवाई के बाद व्यापारियों में भारी नाराजगी फैल गई और मौके पर विरोध के हालात बन गए। हालांकि विरोध बढ़ता देख ऊर्जा निगम के कर्मचारी करीब चार घंटे बाद दोबारा मौके पर पहुंचे और कुछ व्यापारियों के कनेक्शन बहाल कर दिए, लेकिन देर शाम तक कई दुकानों की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
यह भी पढ़े :EPFO की ऑनलाइन सेवाएं 1 जुलाई तक बंद, PF क्लेम और पासबुक समेत कई सुविधाएं प्रभावित
स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ा विवाद (Uttarakhand Smart Meter News)
पिथौरागढ़ में पिछले लगभग एक वर्ष से स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान चल रहा है। ऊर्जा निगम का कहना है कि सरकार के निर्देशों के अनुसार चयनित क्षेत्रों में सभी पुराने मीटरों को बदलकर स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। दूसरी ओर कई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने के पक्ष में नहीं हैं। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल पहले की तुलना में अधिक आ रहे हैं, इसलिए वे नए मीटर स्वीकार नहीं करना चाहते।
इसी विवाद के चलते दो दिन पहले भी निगम की टीम पुराना बाजार पहुंची थी, जहां व्यापारियों ने स्मार्ट मीटर लगवाने से साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद निगम की ओर से संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए थे।
इंकार करने पर काटे गए बिजली कनेक्शन (Uttarakhand Smart Meter News
शनिवार सुबह ऊर्जा निगम और मीटर लगाने वाली कंपनी के कर्मचारी दोबारा बाजार पहुंचे। कर्मचारियों ने व्यापारियों से स्मार्ट मीटर लगाने का आग्रह किया, लेकिन जब कई दुकानदार अपने फैसले पर कायम रहे तो विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 12 बिजली कनेक्शन काट दिए।
बिजली कटने से बाजार में कई दुकानों का कामकाज प्रभावित हो गया। व्यापारी अभिषेक टम्टा और वर्धन जंग ने बताया कि बिजली नहीं रहने से आइसक्रीम विक्रेताओं का बड़ा नुकसान हुआ और फ्रीजर बंद होने के कारण काफी मात्रा में आइसक्रीम पिघलकर खराब हो गई।
व्यापारियों का विरोध, पार्षद पहुंचे मौके पर
कार्रवाई की जानकारी मिलते ही व्यापारियों ने स्थानीय पार्षद सुशील खत्री को सूचना दी। इसके बाद पार्षद के नेतृत्व में व्यापारी एकत्र होने लगे और विरोध प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी। विरोध की सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम के कर्मचारी फिर बाजार पहुंचे और कुछ दुकानों के बिजली कनेक्शन दोबारा जोड़ दिए। हालांकि कई व्यापारियों को देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करना पड़ा।
यह भी पढ़े :Uttarakhand: हरिद्वार में इलाज के बहाने पत्नी को पिलाया जहर, पांच महीने बाद रिपोर्ट से खुला राज
ऊर्जा निगम का पक्ष, नोटिस के बाद ही कार्रवाई
ऊर्जा निगम की एसडीओ दीक्षा पांडेय ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा जारी नए नोटिफिकेशन के अनुसार जिन क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए नेटवर्क उपलब्ध है, वहां स्मार्ट मीटर लगाना अब अनिवार्य कर दिया गया है। विभाग पहले संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी करता है और उसके बाद भी यदि स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जाता है तो बिजली कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई की जाती है।
वहीं ऊर्जा निगम के अधीक्षक अभियंता बी.के. बिष्ट ने कहा कि करीब डेढ़ महीने पहले केंद्र सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में पहले चरण के चयनित क्षेत्रों में शत-प्रतिशत स्मार्ट मीटर लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इसी आदेश के तहत विभाग कार्रवाई कर रहा है। उनका कहना है कि उपभोक्ताओं को पहले नोटिस देकर पर्याप्त समय दिया जाता है और उसके बाद ही नियमों के अनुसार बिजली कनेक्शन विच्छेद करने की प्रक्रिया अपनाई जाती है।
उपभोक्ताओं में असंतोष बरकरार
स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेश के कई हिस्सों में उपभोक्ताओं की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि नए मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जबकि ऊर्जा निगम इन आरोपों से इनकार करते हुए स्मार्ट मीटर को अधिक पारदर्शी और आधुनिक व्यवस्था बता रहा है। ऐसे में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं और विभाग के बीच विवाद लगातार गहराता नजर आ रहा है।
