LEOPARD IN UTTARAKHAND उत्तराखण्ड
उत्तराखण्ड: पहाड़ में तेंदुए का आतंक, 13 वर्षीय किशोरी को बनाया अपना निवाला, मिला क्षत विक्षत शव
1 min read
Uttarakhand Tendua: तीन रोज पूर्व मानसिक रूप से बीमार युवक को अपना निवाला बनाने के बाद तेंदुए (Leopard) ने अब किया 13 वर्षीय किशोरी पर हमला, घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर मिला क्षत-विक्षत शव..
राज्य में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज फिर राज्य के पिथौरागढ़ जिले से दुखद खबर आ रही है जहां बीते सोमवार रात एक मानसिक रूप से बीमार युवक को अपना निवाला बनाने वाले आदमखोर तेंदुए (Uttarakhand Tendua) ने गुरुवार शाम को एक तेरह वर्षीय किशोरी पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। बताया गया है कि घटना के वक्त किशोरी अपनी मां के साथ घास लेने जा रही थी। ग्रामीणों को किशोरी का क्षत विक्षत शव घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर बरामद हुआ। तीन दिनों के भीतर तेंदुए (Leopard) के हमले की दो दर्दनाक घटनाएं होने से समूचे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना पर पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों ने देर शाम ही घटनास्थल पर पहुंचकर मुआयना किया। पुलिस ने मृतक किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि जिले के मढ़े गांव निवासी विक्षिप्त युवक भूपेंद्र सिंह सौन को भी बीते सोमवार रात एक तेंदुए ने सुकौली गांव में अपना निवाला बनाया था। हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि दोनों घटनाओं को अंजाम देने वाला तेंदुआ एक ही है या अलग-अलग। वन विभाग के अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: नहीं थम रहा पहाड़ में तेंदुए का आंतक, युवक पर किया हमला जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव
तीन दिनों के भीतर तेंदुए के हमले की दो घटनाएं होने से क्षेत्र में भारी दहशत, घटना के बाद से थम नहीं रहे मृतक किशोरी के परिजनों की आंखों से आंसू:-
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य के पिथौरागढ़ जिले के छाना पांडेय गांव निवासी धर्मेद्र राम उर्फ पप्पू की 13 वर्षीय पुत्री करिश्मा रोज की तरह बीते गुरुवार को भी अपनी मां के साथ खेत पर घास काटने गई थी। बताया गया है कि घास काटने के बाद शाम को जब करिश्मा अपनी मां और दो अन्य महिलाओं के साथ घास लेकर घर की ओर आ रही थी तो इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। इससे पहले कि करिश्मा की मां सहित अन्य लोग कुछ समझ पाते तेंदुए ने करिश्मा को अपने मुंह में दबोच लिया और महिलाओं के शोर मचाने पर उसे लेकर जंगल की ओर भाग गया। महिलाओं का शोर सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे अन्य ग्रामीणों ने तेंदुए का पीछा किया तो उन्हें घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर करिश्मा का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ। घटना के बाद से मृतक करिश्मा के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड : पहाड़ में घास काटने गई महिला पर खूखांर तेंदुए ने हमला कर किया बुरी तरह घायल
