UTTARAKHAND ROADWAYS देहरादून
उत्तराखण्ड परिवहन निगम खरीदेगा पहाड़ों के लिए 130 नई रोडवेज बसें, जून में शुरू होगी डिलीवरी
1 min read
Uttarakhand roadways new buses: पहाड़ों में रोडवेज की डग्गामार बसों से मिलेगी राहत, सफर होगा सुहाना, टेंडर प्रक्रिया हुई पूर्ण, वर्क ऑर्डर भी जारी…
Uttarakhand roadways new buses
राज्य के पर्वतीय रूटों पर उत्तराखंड रोडवेज की खस्ताहाल बसों में सफर करने को मजबूर यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। जी हां… अब यात्रियों को इन खस्ताहाल बसों के कारण आवाजाही में होने वाली परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। दरअसल उत्तराखण्ड परिवहन निगम केवल पर्वतीय मार्गों पर संचालन के लिए ही 130 नई रोडवेज बसें खरीदने जा रहा है। सबसे खास बात तो यह है कि इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद वर्क ऑर्डर भी जारी हो चुके हैं। जिसको देखते हुए रोडवेज प्रबंधन का कहना है कि आगामी जून माह तक इन बसों की डिलीवरी भी शुरू हो जाएगी। इतना ही नहीं रोडवेज प्रबंधन का यह भी कहना है कि आगामी पांच माह के भीतर न केवल पर्वतीय मार्गों पर बसों की किल्लत कम हो जाएगी बल्कि परिवहन निगम द्वारा कई नए रूटों पर भी बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। जिससे यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।
यह भी पढ़ें- Mussoorie Dehradun roadways break: उत्तराखंड: चलती रोडवेज बस के हो गए ब्रेक फेल
इस संबंध में उत्तराखण्ड परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन एवं तकनीकी दीपक जैन ने मीडिया से बातचीत में बताया कि ये सभी 130 बसें केवल पर्वतीय मार्गों पर संचालन के लिए खरीदी जा रही हैं। गौरतलब है कि पर्वतीय रूटों पर आए दिन रोडवेज बसों के एकाएक खराब होने, ब्रेक फेल होने की खबरें सुनने को मिलती रहती है जिससे यात्रियों को लगातार फजीहत का सामना करना पड़ता है। अब नई बसों के आ जाने से इन घटनाओं में भी कमी आने की संभावना है। बताया गया है कि परिवहन निगम ने करीब डेढ़ साल पहले पर्वतीय मार्गों पर 130 नई बसों के संचालन के लिए प्रक्रिया शुरू की थी। इसके लिए परिवहन निगम की ओर से टेंडर भी निकाला गया था परंतु टेंडर प्रक्रिया में कुछ तकनीकी पेंचों की वजह से केवल एक ही कंपनी की ओर से प्रतिभाग किया गया था, जिस कारण रोडवेज प्रबंधन को टेंडर रद्द करना पड़ा था। जिसके उपरांत परिवहन मुख्यालय ने निविदा नियमों में कुछ संशोधन कर पुनः टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी, जिसके पूर्ण हो जाने के बाद सफल निविदादाता का चयन कर बसों की खरीद के लिए कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: पहाड़ में चलती बस के ब्रेक फेल, रोडवेज की इन खटारा बसों से भगवान ही बचाए
उत्तराखंड की सभी ताजा खबरों के लिए देवभूमि दर्शन के WHATSAPP GROUP से जुडिए।
👉👉TWITTER पर जुडिए।
