उत्तराखण्ड :पर्वतीय रुट पर ट्रेनिंग से लौट रहा सेना का वाहन पलटा एक जवान घायल
राज्य में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। कभी कुमाऊं तो कभी गढ़वाल मंडल में होने वाली इन सड़क दुर्घटनाओं ने इन दिनों पूरे राज्य में कोहराम मचा रखा है। सड़क दुर्घटना की एक ऐसी ही खबर राज्य के पिथौरागढ़ जिले से आ रही है जहां सेना के एक वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना का कारण वाहन का ब्रेक फेल होना बताया गया है। वाहन चालक के द्वारा समय रहते दिखाई गई सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। अगर जरा सी भी चूक हुई होती तो अंजाम बहुत भयानक होता। बाद में सेना के जवानों को सामान सहित दूसरे वाहन से धारचूला पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेना का एक वाहन शनिवार शाम को पिथौरागढ़ से धारचूला की ओर जा रहा था। वाहन में चालक सहित नौ जवान शामिल थे। ये सभी कुमाऊं स्कार्ट के जवान पिथौरागढ़ से प्रशिक्षण समाप्त कर लौट रहे थे।टनकपुर -तवाघाट हाईवे पर जैसे ही सेना का वाहन अस्कोट-जौलजीवी के मध्य बैड़ा के पास पहुंचा तो अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। जिससे वाहन बीच सड़क पर ही पलट गया। जिससे वाहन में सवार जवान घायल हो गया। घायल जवान राहुल की गर्दन पर चोटें आई है। जबकि वाहन में सवार अन्य सभी जवान पूरी तरह सुरक्षित बतायें गए है। गश्त पर उसी ओर गए अस्कोट के पुलिस कर्मियों ने थाना प्रभारी के नेतृत्व में घायल जवान के साथ ही सभी जवानों को रेस्क्यू आपरेशन चलाकर वाहन से बाहर निकाला। एसओ के अनुसार चालक ने सुझबुझ दिखाकर एक बड़ा हादसा होने से बचा लिया।
