उत्तराखण्ड: वाहन गिरा गहरी खाई में ग्राम प्रधान सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत
राज्य में सड़क दुर्घटनाओं द्वारा मचाया गया कोहराम थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगभग रोज ही ऐसी दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबरें हमें सुनने को मिल रही है जिसमें जन-धन की हानि हुई हों। ऐसी ही एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर राज्य के पौड़ी गढ़वाल जिले से आ रही है जहां एक ट्रैक्टर-ट्राली के अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल को हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे का कोई भी कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हादसे के सभी कारणों की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पौड़ी गढ़वाल जिले के मकलोड़ी-उमरासू निर्माणाधीन मोटर मार्ग पर आज दोपहर बाद एक ट्रैक्टर-ट्राली के अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। गम्भीर रूप से घायल अनूप असवाल को हादसे की सूचना पर पहुंची राजस्व पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई से निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां अनुप की हालत नाज़ुक बताई गई है। मृतकों में चालक प्रदीप सिंह पुत्र झुंडे सिंह एवं सिताब सिंह लिंगवाल पुत्र गोविंद सिंह शामिल हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक सिताब सिंह खड़खोला के ग्रामप्रधान हैं। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को खाई से निकालकर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार हादसे के सभी कारणों की जांच की जा रही है।
