UTTARAKHAND NEWS देहरादून
Uttarakhand: पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार
1 min read
देहरादून: उत्तराखंड के पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, हरियाणा से दबोचा(Dehradun Bomb Threat arrest)
उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को सोशल मीडिया के जरिए बम से उड़ाने की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी जांच, साइबर विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से आरोपी को हरियाणा के अंबाला से दबोचा। गिरफ्तार युवक के पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल धमकी भरे पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए किया गया था।
यह भी पढ़ें : EPFO की ऑनलाइन सेवाएं 1 जुलाई तक बंद, PF क्लेम और पासबुक समेत कई सुविधाएं प्रभावित
सोशल मीडिया पोस्ट से मचा था हड़कंप (Dehradun Bomb Threat arrest News)
पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट की धमकी से जुड़ी पोस्ट तेजी से वायरल हुई थी। पोस्ट सामने आने के बाद आम लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून की कोतवाली नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3), 353 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की धारा 66एफ के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
साइबर जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम बनाई गई। टीम ने सोशल मीडिया अकाउंट, डिजिटल फुटप्रिंट, आईपी डिटेल, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य साइबर तकनीकों का गहन विश्लेषण किया। लगातार तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान हरियाणा के अंबाला निवासी 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 28 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिससे धमकी भरे संदेश पोस्ट किए गए थे।
पूछताछ में बताई धमकी देने की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और सिख समुदाय के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से वह नाराज था। उसने सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े वीडियो देखे, जिसके बाद उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने और लोगों में भय का माहौल पैदा करने की नीयत से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से 25 जून को सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने संबंधी टिप्पणी पोस्ट कर दी।
यह भी पढ़ें : Uttarakhand: चंपावत को CM धामी की बड़ी सौगात, 124 करोड़ की 17 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण
मोबाइल जब्त, डिजिटल फोरेंसिक जांच जारी
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। साथ ही अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने यह पोस्ट अकेले की थी या किसी अन्य व्यक्ति की भी इसमें भूमिका थी। जांच एजेंसियां सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही हैं।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी (Uttarakhand News)
देहरादून पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि धमकी, अफवाह या दहशत फैलाने वाली पोस्ट करना गंभीर आपराधिक कृत्य है। ऐसे मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
