Highlights देवभूमि दर्शन- राष्ट्रीय खबर
Medical College ICU Fire: ओडिशा कटक मेडिकल कॉलेज में लगी आग, 10 मरीजों की गई जिंदगी
1 min read
Medical College ICU Fire: Cuttack: 10 patients died many sustained burn injuries odisha: कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में भीषण हादसा: ट्रॉमा ICU में आग से 10 मरीजों की मौत, कई झुलसे
Medical College ICU Fire: Cuttack: 10 patients died many sustained burn injuries odisha: इस वक्त की सबसे बड़ी एवं बेहद दुखद खबर ओडिशा से सामने आ रही है जहां कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रविवार देर रात एक भीषण आग की घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया। ट्रॉमा केयर यूनिट के गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में अचानक आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मरीजों और अस्पताल कर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना देर रात लगभग ढाई से तीन बजे के बीच हुई। अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित ट्रॉमा केयर इमरजेंसी विभाग के ICU में अचानक आग भड़क उठी। उस समय वहां गंभीर रूप से बीमार कई मरीजों का उपचार चल रहा था। आग लगते ही वार्ड में धुआं भर गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में घबराहट फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के आंतरिक अग्निशमन दल ने तुरंत मोर्चा संभाला। इसके साथ ही शहर से दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया। अस्पताल के कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और तीमारदारों ने मिलकर ICU में भर्ती मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का प्रयास किया।
अधिकारियों के अनुसार हादसे के समय ट्रॉमा ICU और उससे सटे वार्ड में कुल 23 मरीज भर्ती थे। आग और धुएं के कारण सात मरीजों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें दूसरे वार्ड में ले जाते समय दम घुटने या झुलसने से मौत हो गई। कई अन्य मरीजों की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है। वहीं बचाव अभियान के दौरान अस्पताल के करीब 11 कर्मचारी भी झुलस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के साथ अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित मरीजों से मुलाकात कर उनके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने हादसे की न्यायिक जांच कराने की घोषणा की है और अग्निशमन विभाग के महानिदेशक को पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
👉👉उत्तराखंड की सभी ताजा खबरों के लिए देवभूमि दर्शन के WHATSAPP CHANNEL को Follow कीजिए on
👉👉TWITTER पर जुडिए।
